Advertisement

बाल अधिकार संरक्षण आयोग में PIO की नियुक्ति, शिकायत के बाद विभाग ने की कार्रवाई

Spread the love
कैप्टन अतुल शर्मा ने RTI नियमों के उल्लंघन का उठाया था मुद्दा, आयोग में जन सूचना अधिकारी तैनात

शिमला। हिमाचल प्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग (HPSCPCR) में जन सूचना अधिकारी (PIO) की नियुक्ति कर दी गई है। यह नियुक्ति वरिष्ठ नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता कैप्टन अतुल शर्मा द्वारा आयोग में लंबे समय से PIO का पद खाली होने का मुद्दा उठाए जाने के बाद हुई है।

कैप्टन अतुल शर्मा ने मुख्य सचिव और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी शिकायत में आरोप लगाया था कि आयोग में जन सूचना अधिकारी की नियुक्ति नहीं होने से सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के प्रावधानों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने इसे पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए तत्काल नियुक्ति की मांग की थी।

शिकायत में कहा गया था कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए गठित आयोग जैसी संवेदनशील संस्था में PIO का पद रिक्त रहने से नागरिकों को सूचना प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है और RTI अधिनियम की वैधानिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

शिकायत के बाद संबंधित विभाग ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आयोग में जन सूचना अधिकारी की नियुक्ति कर दी। इसके बाद अब नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत आयोग से संबंधित सूचनाएं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्राप्त कर सकेंगे।

कैप्टन अतुल शर्मा ने कहा कि यह कदम आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि सजग नागरिकों की पहल से प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार संभव होता है।