Advertisement

अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस पर ठियोग में अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया शुभारंभ

Spread the love
बोले- राजनीति और शतरंज का गहरा संबंध, दोनों में चलता है शह और मात का खेल; प्रदेश में शतरंज को मिल रहा बढ़ावा

ठियोग। अंतरराष्ट्रीय शतरंज दिवस के अवसर पर एस.पी. लोहिया फाउंडेशन एवं हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में ठियोग में 13 वर्ष से कम आयु वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सात स्कूलों के 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और तार्किक सोच विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि उन्हें स्वयं भी शतरंज खेलना पसंद है और इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों की बौद्धिक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन के लिए एस.पी. लोहिया फाउंडेशन और हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज एसोसिएशन को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर जारी रहने की उम्मीद जताई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दे रही है। शतरंज को बढ़ावा देने के लिए ठाकुर राम लाल खेल छात्रावास, जुब्बल में इस खेल के लिए 10 सीटें निर्धारित की गई हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में मतियाना स्थित खेल छात्रावास में भी शतरंज प्रशिक्षण की व्यवस्था और सीटों का प्रावधान किया जाएगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक राजनीति, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “राजनीति और शतरंज का गहरा संबंध है, दोनों में शह और मात का खेल चलता रहता है।” उन्होंने कहा कि शतरंज से रणनीति, धैर्य और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की कला सीखी जा सकती है।

ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि शतरंज बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता और तार्किक सोच विकसित करने वाला खेल है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर एस.पी. लोहिया फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव संजीव ठाकुर, एसडीएम ठियोग डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, अतिरिक्त महाधिवक्ता महेंद्र, अधिवक्ता राजेंद्र कश्यप, अधिवक्ता बालकृष्ण बाली, राजेंद्र कंवर, कृषि एवं ग्रामीण बैंक के निदेशक देविंदर नेगी सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।