सुक्खू बोले, कार्यकर्ता सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाएं, विकास कार्यों में नहीं आने दी जाएगी धन की कमी
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को ‘मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम की शुरुआत सिरमौर जिले के पच्छाद और शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र से की।
ओक ओवर, शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए कांग्रेस सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार से प्रदेश को बदहाल व्यवस्था विरासत में मिली थी, जिसे सुधारने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई गई है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान विकसित किए जा रहे हैं।
शिक्षा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 150 से अधिक सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इन विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ने गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य भी दिया जा रहा है।
सेब बागवानों के हितों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी मध्यस्थता योजना के तहत 30 बोरी तक खरीदे गए सेब का पूरा भुगतान कर दिया गया है। अब 100 बोरी तक के सेब का भुगतान किया जाएगा और इसके बाद 100 बोरी से अधिक का भुगतान भी जारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विधवा एवं एकल महिलाओं के बच्चों की शिक्षा का खर्च राज्य सरकार उठा रही है तथा पात्र विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज पर 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पच्छाद और चौपाल विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर कार्य कर रहे हैं तथा कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता में लौटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विनोद जिंटा, चौपाल से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रजनीश किमटा, जिला शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष कृष्ण हिमराल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












