दोनों दिशाओं में यातायात फिलहाल सुचारु, वाहन चालकों से सतर्कता और गति सीमा का पालन करने की अपील
शिमला। राजधानी शिमला में राजीव भवन के पास (लिफ्ट मार्ग) पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने की सूचना के बाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से इस मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों दिशाओं में यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। हालांकि, वाहन चालकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन न रोकने और पूरी सतर्कता के साथ सफर करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यदि पत्थर गिरने की घटनाओं में बढ़ोतरी होती है या यातायात प्रभावित होता है तो आवश्यकतानुसार आगे की सूचना जारी की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।












