Advertisement

कटासनी में निर्माणाधीन शूटिंग रेंज व इंडोर स्टेडियम का विक्रमादित्य सिंह ने किया निरीक्षण

Spread the love
निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

बोले-आधुनिक खेल सुविधाओं से खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच


शिमला। ।लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शिमला जिला के कटासनी में निर्माणाधीन अत्याधुनिक शूटिंग रेंज एवं इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा परियोजना के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति, शेष कार्य, तकनीकी व्यवस्थाओं और परियोजना के विभिन्न चरणों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द खिलाड़ियों और युवाओं तक पहुंच सके।


विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य में खेल अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है और कटासनी में बन रही अत्याधुनिक शूटिंग रेंज एवं इंडोर स्टेडियम भी इसी कड़ी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रदेश के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को लाभ होगा, बल्कि भविष्य में विभिन्न स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।


मंत्री ने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होने से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा और प्रदेश खेलों के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।


निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा निर्माण कार्य से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारियों ने मंत्री को परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।