शिमला। हिमाचल प्रदेश कैडर के 2012 बैच के आईएएस अधिकारी राकेश कुमार प्रजापति की केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति को मंजूरी मिल गई है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा बुधवार को जारी आदेश के अनुसार उन्हें वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) में डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
आदेश के मुताबिक उनकी नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना (Central Staffing Scheme) के तहत पदभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, के लिए की गई है। हिमाचल सरकार को निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई जिम्मेदारी संभालने के लिए दिल्ली भेजा जाए।
DoPT ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियुक्ति आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर अधिकारी को नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। ऐसा नहीं होने पर केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत डिबारमेंट की कार्रवाई की जा सकती है।












