रिहाली मेले में माता देवी नंदन का लिया आशीर्वाद, खेल और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए कई घोषणाएं
कोटखाई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को अपने एक दिवसीय कोटखाई दौरे के दौरान पराली-बदरूनी पंचायत के अंतर्गत बहुप्रतीक्षित हरिजन बस्ती धार-शरघाल संपर्क मार्ग का भूमि पूजन किया। लगभग 1500 मीटर लंबे इस संपर्क मार्ग के निर्माण पर 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद शिक्षा मंत्री देवरी-खनेटी पहुंचे, जहां उन्होंने जिला स्तरीय ऐतिहासिक रिहाली मेले में भाग लेकर माता देवी नंदन के दर्शन किए और प्रदेशवासियों को मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रिहाली मेला हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति और धार्मिक आस्था का प्रतीक है तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने के लिए ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
रोहित ठाकुर ने मेले के दौरान आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि ठाकुर रामलाल खेल छात्रावास में वॉलीबॉल और कबड्डी सहित आठ खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और यहां की छात्राएं राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने हाई मास्ट लाइट के लिए चार लाख रुपये तथा मेला समिति और स्थानीय क्लब को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मां देवी नंदन मंदिर प्रबंधन समिति और आयोजन समिति को रिहाली मेले, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और वॉलीबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से चल रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से क्षेत्र में करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा 40 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी-खनेटी के भवन का निर्माण प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन बनाए जा रहे हैं, जिनमें 1.82 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी-खनेटी जनता को समर्पित किया जा चुका है। साथ ही कोटखाई के लिए केंद्रीय विद्यालय, सब-जज कोर्ट, वेटरनरी अस्पताल, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान तथा 182 नई सड़कों की स्वीकृति भी क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
सेब सीजन को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने हाल ही में क्षतिग्रस्त कोटखाई-खनेटी-देवरीघाट-जाशला सड़क को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, ग्राम पंचायत प्रधान प्रियंका राजटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, एसडीएम कोटखाई, बीडीओ, अधिशासी अभियंता, तहसीलदार कोटखाई, टीका गौरव चंद परिहार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।












