मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की लोगों सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
शिमला। मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला ने गुरुवार सुबह 9 बजे हिमाचल प्रदेश के लिए तीन घंटे (सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक) का तात्कालिक पूर्वानुमान (Nowcast) जारी किया है। इसके अनुसार शिमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो दौर की तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।
पूर्वानुमान के मुताबिक शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बारिश तथा गरज-चमक की संभावना है। वहीं चंबा, हमीरपुर, मंडी और बिलासपुर जिलों में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ समय के लिए तेज बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने चेताया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा गिरने, अचानक बाढ़, जल स्रोतों के जलस्तर में वृद्धि, निचले इलाकों में जलभराव तथा फिसलन के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। बागवानी और कृषि को भी आंशिक नुकसान होने की आशंका जताई गई है, जबकि आवश्यक सेवाओं और सामान्य जनजीवन पर भी असर पड़ सकता है।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि भूस्खलन और फ्लैश फ्लड संभावित क्षेत्रों में जाने से बचें, नदी-नालों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।












