Advertisement

हिमाचल के छह जिलों में अगले 24 घंटे फ्लैश फ्लड का खतरा, आईएमडी ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love
शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, किन्नौर और चंबा में जलभराव व अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका


शिमला। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के हाइड्रोमेट डिवीजन की फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का कम से मध्यम स्तर का खतरा जताया है। जारी राष्ट्रीय फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन के अनुसार शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, किन्नौर और चंबा जिले जोखिम वाले क्षेत्रों में शामिल हैं।


बुलेटिन के अनुसार लगातार हो रही वर्षा के कारण कई जलग्रहण क्षेत्रों की मिट्टी पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है। ऐसे में अगले 24 घंटों के दौरान भारी बारिश होने पर निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नालों में अचानक उफान तथा फ्लैश फ्लड जैसी स्थिति बनने की आशंका है।


आईएमडी ने बताया है कि देश के विभिन्न हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान 210 मिमी तक बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसी को देखते हुए हिमाचल सहित जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों को फ्लैश फ्लड जोखिम वाले इलाकों में रखा गया है।


मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह फ्लैश फ्लड गाइडेंस बुलेटिन है, जिसे संभावित जोखिम का आकलन करने के लिए जारी किया गया है।