Advertisement

अच्छी खबर: शिमला में सेब ढुलाई की नई दरें तय, अधिक किराया वसूला तो होगी कानूनी कार्रवाई 

Spread the love
डीसी अनुपम कश्यप ने जारी की अधिसूचना, सेब सीजन के लिए ट्रक, मिनी ट्रक और पिकअप का किराया निर्धारित

शिमला। सेब सीजन के मद्देनजर जिला प्रशासन शिमला ने वर्ष 2026 के लिए सेब ढुलाई की दरें निर्धारित कर दी हैं। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ट्रक, मिनी ट्रक, पिकअप और आयशर (टाटा-407) वाहनों के लिए प्रति किलोमीटर और प्रति क्विंटल के आधार पर परिवहन शुल्क तय किया गया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार दिल्ली तक ट्रक एवं अन्य मालवाहक वाहनों के लिए 95 पैसे प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल, जबकि चंडीगढ़ तक 1.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है।

इसी प्रकार पिकअप (चार पहिया) से 20 किलोमीटर तक की दूरी के लिए 2.30 रुपये तथा 20 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल शुल्क तय किया गया है। वहीं आयशर (टाटा-407) के लिए 1.30 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्पष्ट किया कि निर्धारित दरों से अधिक परिवहन शुल्क वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित ट्रक, मिनी ट्रक या पिकअप ऑपरेटर यूनियनों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी वाहन संचालकों और ऑपरेटर यूनियनों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित दरों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि सेब उत्पादकों को परिवहन के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।