न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम का विरोध, जेबीटी शिक्षकों की लंबित पदोन्नति और रिक्त पद भरने की मांग
शिमला। न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से कांगड़ा के बनखंडी से शुरू की गई पदयात्रा शिमला पहुंच गई है। 11 जुलाई को शुरू हुई इस पदयात्रा का समापन 26 जुलाई को शिमला में होगा। इस दौरान संघ की ओर से राजधानी में विशाल रैली और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम प्रदेश के शिक्षा ढांचे के हित में नहीं है और इससे व्यवस्था प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त पड़े हैं, जिन्हें जल्द भरा जाना चाहिए। इसके साथ ही लंबे समय से लंबित जेबीटी शिक्षकों की पदोन्नति भी शीघ्र की जानी चाहिए।
रमेश शर्मा ने आरोप लगाया कि स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती नहीं की जा रही है। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है और अभिभावक मजबूर होकर अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में दाखिल करवाते हैं। इसके बाद विद्यार्थियों की संख्या कम होने का हवाला देकर स्कूलों पर ताला लगा दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम को लेकर शिक्षकों में भारी रोष है। संघ अपनी मांगों को लेकर 26 जुलाई को शिमला में विशाल रैली और धरना-प्रदर्शन करेगा। इसमें प्रदेशभर से प्राथमिक शिक्षक हिस्सा लेंगे।












