Advertisement

मासूम शर्मा, शिवजोत और एसी भारद्वाज के गीतों से सजी बाल मेले की अंतिम संध्या, विकास पुरुष जीएस बाली को किया याद

Spread the love
मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विक्रमादित्य सिंह सहित कई मंत्री हुए शामिल

आरएस बाली बोले, सभी के सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ रही बाल मेले की गौरवशाली विरासत


नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली की 72वीं जयंती के अवसर पर आयोजित 24वें बाल मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या सोमवार को नगरोटा बगवां के ऐतिहासिक गांधी मैदान में यादगार बन गई। मशहूर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, पंजाबी गायक शिवजोत और हिमाचल के प्रसिद्ध गायक एसी भारद्वाज ने अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने देर तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।


बाल मेले में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान नेताओं और कलाकारों ने विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश, विशेषकर नगरोटा बगवां के विकास में उनके योगदान को याद किया।


मुख्यमंत्री ने नगरोटा बगवां को दी विकास परियोजनाओं की सौगात


मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के लिए कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले मॉडल पुलिस स्टेशन एवं पुलिस आवास, ओल्ड एज होम तथा ऑडिटोरियम की आधारशिला रखी।


मुख्यमंत्री ने बड़ोह में मिनी सचिवालय खोलने, पुलिस चौकी को पुलिस थाना तथा सेराथाना हेल्थ सेंटर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में स्तरोन्नत करने की भी घोषणा की। उन्होंने नगरोटा बगवां के विकास में स्वर्गीय जीएस बाली के योगदान को याद करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


वीरभद्र सिंह और जीएस बाली विकास की राजनीति के प्रतीक: अग्निहोत्री


उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने स्वर्गीय जीएस बाली को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने नगरोटा बगवां सहित पूरे क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और जीएस बाली दोनों ही विकास तथा जनकल्याण की राजनीति के प्रतीक थे। प्रदेश सरकार भी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जनहित और विकास के लिए कार्य कर रही है।


‘असंभव काम करवाना होता था तो वीरभद्र सिंह को याद आते थे जीएस बाली’


लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और विकास पुरुष जीएस बाली के संबंधों को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक ही नहीं, बल्कि आत्मीय संबंध भी थे।


विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को कोई ऐसा काम करवाना होता था, जिसे बेहद मुश्किल या असंभव माना जाता था, तो मंत्री के रूप में उन्हें जीएस बाली याद आते थे और बाली उस काम को पूरा करके भी दिखाते थे। उन्होंने कहा कि यह जीएस बाली की कार्यक्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


जीएस बाली की विकास परंपरा को आगे बढ़ा रहे आरएस बाली: हर्षवर्धन


उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि स्वर्गीय जीएस बाली ने अपने सार्वजनिक जीवन में विकास की एक अलग पहचान बनाई। आज उसी परंपरा को पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक रघुवीर सिंह बाली आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आरएस बाली क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरते हुए विकास की इस विरासत को और मजबूत करेंगे।


शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वर्गीय जीएस बाली का सार्वजनिक जीवन विकास और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा। उनके द्वारा किए गए कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और प्रदेश की राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।


कलाकारों ने भी किया जीएस बाली को नमन


सांस्कृतिक संध्या में मासूम शर्मा, शिवजोत और एसी भारद्वाज ने अपनी प्रस्तुतियों के साथ स्वर्गीय जीएस बाली को याद किया। कलाकारों ने कहा कि बाल मेले जैसे प्रतिष्ठित मंच पर प्रस्तुति देना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस गौरवशाली परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए आरएस बाली का आभार जताया।
कलाकारों ने कहा कि आरएस बाली बाल मेले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ नई प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध करवा रहे हैं। इससे विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।


कांगड़ा के प्रसिद्ध गायक कुमार साहिल ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें अपने जीवन का पहला मंच स्वर्गीय जीएस बाली ने दिया था और इसके लिए वह हमेशा उनके आभारी रहेंगे।


वहीं स्थानीय गायक रोहित बोहरा ने विकास पुरुष जीएस बाली की स्मृति में रचित विशेष गीत प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।


आरएस बाली ने कलाकारों, बच्चों और बाल मेला कमेटी का जताया आभार


पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक रघुवीर सिंह बाली ने सभी अतिथियों और कलाकारों का स्वागत करते हुए कहा कि बाल मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वर्गीय जीएस बाली द्वारा शुरू की गई जनसेवा और सामाजिक सरोकारों की गौरवशाली विरासत है। इसे सभी के सहयोग से लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।


उन्होंने बाल मेले के मंच पर प्रस्तुति देने वाले विभिन्न विद्यालयों के बच्चों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों तथा मिस्टर एवं मिस धौलाधार प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।


आरएस बाली ने कहा कि बाल मेले की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और इसमें बाल मेला कमेटी की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने बाल मेला-2026 को सफल बनाने के लिए कई दिनों से लगातार कार्य कर रहे कमेटी के सदस्यों, कार्यकर्ताओं, प्रशासन, सहयोगियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।


उन्होंने कहा कि बाल मेले से जुड़ी इस विरासत को भविष्य में और भव्य स्वरूप दिया जाएगा तथा बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
इससे पहले गांधी मैदान पहुंचने पर पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं विधायक रघुवीर सिंह बाली, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का स्वागत किया।


इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुरेंद्र काकू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।