शिमला। कोटखाई गुड़िया दुष्कर्म एवं हत्या मामले में कथित आरोपी सूरज की कस्टोडियल डेथ केस के अहम गवाह रहे हिमाचल पुलिस के कांस्टेबल दिनेश शर्मा के निलंबन को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।
गुरुवार को शिमला में दिनेश शर्मा के भाई सुरेश शांडिल्य और उनकी मां ने प्रेस वार्ता कर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। परिवार का कहना है कि दिनेश शर्मा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, बार-बार तबादले किए गए और अब उन्हें निलंबित कर दिया गया।
परिवार के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ महीने में दिनेश शर्मा का पांच बार तबादला किया गया। उनका आरोप है कि जब दिनेश शर्मा ने चौपाल से तबादला रोकने का अनुरोध किया और इस संबंध में लोक भवन पहुंचे, तो उन्हें निलंबित कर दिया गया।
सुरेश शांडिल्य ने बताया कि दिनेश शर्मा का बेटा दिव्यांग है और उसकी देखभाल के लिए परिवार को विशेष व्यवस्था करनी पड़ती है। बच्चे को स्कूल लाने-ले जाने सहित अन्य जरूरतों के कारण उन्होंने तबादला रोकने का आग्रह किया था।
प्रेस वार्ता के दौरान दिनेश शर्मा की मां भावुक हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनका कहना था कि गुड़िया कांड में सच बोलने की वजह से ही उनके बेटे को लगातार परेशान किया जा रहा है।
परिवार ने मीडिया के सामने दिनेश शर्मा को सेवा के दौरान मिले प्रशस्ति पत्र भी दिखाए और कहा कि उनकी कार्यशैली की हमेशा सराहना हुई है। इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।












