Advertisement

कैबिनेट फेरबदल पर दिल्ली में मंथन, मंत्रियों के परफॉर्मेंस का लिया फीडबैक

Spread the love

हाईकमान की बैठक के बाद बढ़ी हलचल, सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की चर्चा; कुछ मंत्रियों के विभाग बदलने के भी संकेत

शिमला। हिमाचल प्रदेश में संभावित कैबिनेट विस्तार और फेरबदल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश के मंत्रियों को दिल्ली बुलाकर उनके करीब चार साल के कार्यकाल और विभागीय प्रदर्शन का फीडबैक लिया है। बुधवार को हिमाचल के कैबिनेट मंत्रियों की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के साथ वन-टू-वन बैठक हुई।

सूत्रों के अनुसार, बैठकों में मंत्रियों से उनके विभागों के कामकाज, उपलब्धियों और सरकार के प्रदर्शन को लेकर जानकारी ली गई।


बताया जा रहा है कि कुछ मंत्रियों ने अपने विभागों में कथित हस्तक्षेप और काम करने की स्वतंत्रता नहीं मिलने का मुद्दा भी हाईकमान के समक्ष उठाया। दिल्ली बुलाए गए मंत्रियों से उनके चार साल के कार्यकाल में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का ब्योरा भी लिया गया। इसी फीडबैक के आधार पर हाईकमान कुछ मंत्रियों को कैबिनेट से हटाने अथवा उनके विभागों में बदलाव पर विचार कर सकता है।


सुंदर सिंह ठाकुर की दावेदारी मजबूत


प्रदेश में मंत्री का एक पद खाली है। सूत्रों के मुताबिक कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने की संभावना सबसे मजबूत मानी जा रही है। सुंदर सिंह ठाकुर को संगठन और सरकार के स्तर पर सक्रिय विधायक के तौर पर देखा जा रहा है।
यदि किसी मौजूदा मंत्री को कैबिनेट से ड्रॉप किया जाता है तो उनके स्थान पर पालमपुर से आशीष बुटेल या ज्वालाजी से संजय रत्न में से किसी एक को मौका दिए जाने की चर्चा भी है। वहीं, मुख्य सचेतक और डिप्टी स्पीकर के पदों में बदलाव की अटकलें भी चल रही हैं। मुख्य सचेतक के लिए संजय अवस्थी और चंद्रशेखर के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।


राहुल गांधी से मुलाकात का इंतजार


हिमाचल के मंत्री बुधवार को दिनभर दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात के लिए मौजूद रहे। हालांकि राहुल गांधी के दिल्ली से बाहर होने के कारण उनकी मंत्रियों के साथ प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, यदि राहुल गांधी बैठक के लिए समय देते हैं तो सभी मंत्री उनसे वन-टू-वन मुलाकात कर सकते हैं और सरकार तथा अपने विभागों के कामकाज का फीडबैक दे सकते हैं।


मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक चंडीगढ़ लौट आए हैं और देर रात तक शिमला पहुंचने की संभावना है। वहीं, मंत्री अभी दिल्ली में ही डटे हुए हैं।


फिलहाल फेरबदल पर लगा ब्रेक


मंत्रियों की दिल्ली बैठकों के बाद कैबिनेट फेरबदल को लेकर अटकलें तेज हुई हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों का फीडबैक हाईकमान नहीं ले लेता, तब तक फेरबदल पर अंतिम फैसला नहीं होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में हिमाचल सरकार के मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।