विकसित भारत क्विज से शुरू होगी युवाओं की राष्ट्रीय स्तर तक की यात्रा, 15 से 29 वर्ष के युवा 30 सितंबर तक कर सकेंगे भागीदारी
शिमला। देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का बड़ा मंच देने के लिए विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD)-2027 का शुभारंभ हो गया है। इसकी शुरुआत विकसित भारत क्विज से हुई है। खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से गुजरकर राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने वाले युवाओं को नीति निर्माताओं और विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। वहीं, विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में चयनित प्रतिभागियों को विकसित भारत@2047 को लेकर अपने विचार और सुझाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा।
शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में विशेष सचिव, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग नवीन तंवर, राज्य निदेशक मेरा युवा भारत ध्रुव डोगरा और सहायक निदेशक, पत्र सूचना कार्यालय शिमला संजीव शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि के युवाओं को नेतृत्व का अवसर
वक्ताओं ने बताया कि VBYLD-2027 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है, जिनकी कोई पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
युवाओं का चयन पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित बहु-स्तरीय प्रक्रिया से होगा। इसकी शुरुआत विकसित भारत क्विज से होगी और चयनित प्रतिभागी निबंध चुनौती, जिला स्तरीय चैंपियनशिप, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तरीय संवाद और अंत में राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद तक पहुंचेंगे।
30 सितंबर तक क्विज में ले सकेंगे हिस्सा
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विकसित भारत क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। यह क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक MY Bharat पोर्टल पर आयोजित की जा रही है। क्विज में शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों का चयन अगले चरण यानी विकसित भारत निबंध चुनौती के लिए किया जाएगा। इसके लिए अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों की सीमा निर्धारित की गई है।
निबंध चुनौती के बाद जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए होगा।
छह ट्रैक में दिखा सकेंगे प्रतिभा
VBYLD-2027 में युवाओं को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए छह प्रमुख ट्रैक दिए गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चैलेंज और युवा संसद शामिल हैं।
इन ट्रैक के माध्यम से युवा नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, तकनीकी कौशल, उद्यमिता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अपने विचार एवं समाधान प्रस्तुत कर सकेंगे।
10 से 12 जनवरी तक नई दिल्ली में राष्ट्रीय आयोजन
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को देश के नीति निर्माताओं और विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। विकसित भारत चैलेंज के प्रतिभागियों के लिए यह अवसर और भी खास होगा, क्योंकि उन्हें विकसित भारत@2047 के लिए अपने विचार सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद-2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा।
हिमाचल के युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान
पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश के युवाओं से VBYLD-2027 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और नवाचार को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर है। युवाओं की भागीदारी से उन्हें विकसित भारत@2047 के निर्माण में अपनी भूमिका तय करने और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।












