केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मिले मुख्यमंत्री सुक्खू, हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र देगा वित्तीय मदद; शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर भी बनी सहमति
शिमला/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क और विमानन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर प्रदेश में हवाई अवसंरचना के विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। बैठक में सबसे प्रमुख रूप से कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार, शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों और प्रदेश में हेलीपोर्ट नेटवर्क को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
दो माह में तैयार होगी कांगड़ा एयरपोर्ट की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय मंत्री को बताया कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था वाले हिमाचल के लिए बेहतर हवाई संपर्क बेहद जरूरी है। एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटकों की आवाजाही सुगम होगी और पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने अधिकारियों को कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की टेक्नो-इकोनॉमिक फीजिबिलिटी रिपोर्ट दो माह के भीतर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। इसके लिए सक्षम सलाहकार नियुक्त करने और निर्धारित समयसीमा में रिपोर्ट तैयार करवाने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रिपोर्ट समय पर तैयार होने से एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया को गति मिलेगी। उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से परियोजना की लागत का यथार्थपरक आकलन करने का भी आग्रह किया।
हेलीपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र देगा वित्तीय सहायता
बैठक में हिमाचल के विभिन्न हिस्सों में प्रस्तावित हेलीपोर्ट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल में दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक हवाई संपर्क पहुंचाने के लिए मजबूत हेलीपोर्ट नेटवर्क जरूरी है। आपदा और अन्य आपात परिस्थितियों में भी हेलीकॉप्टर सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने उड़ान योजना के तहत हिमाचल प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने पर सहमति जताई। इससे प्रदेश में हेलीपोर्ट के निर्माण और विस्तार की योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानों पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने शिमला एयरपोर्ट से नियमित हवाई सेवाएं संचालित करने का मुद्दा भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष उठाया। केंद्रीय मंत्री ने शिमला को नियमित हवाई संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में एयरपोर्ट की मौजूदा रनवे क्षमता के अनुरूप उपयुक्त विमानों के संचालन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कांगड़ा एयरपोर्ट की तर्ज पर शिमला एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था CISF के स्थान पर हिमाचल प्रदेश पुलिस को सौंपने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्रालय ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की।
पर्यटन के साथ दुर्गम क्षेत्रों को भी मिलेगा फायदा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में हवाई संपर्क को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार, शिमला एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें और प्रदेशभर में हेलीपोर्ट नेटवर्क के विस्तार से पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ आपात परिस्थितियों में त्वरित हवाई सेवाएं उपलब्ध करवाना भी संभव होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, प्रधान आवासीय आयुक्त अजय कुमार तथा केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ह












