एसजेवीएन के सीएमडी भूपेंद्र गुप्ता ने उपलब्धि का किया उद्घाटन
बोले- बिहार की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम होगी परियोजना
शिमला। एसजेवीएन ने बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल भी मौजूद रहे।
भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर और औपचारिक उद्घाटन बटन दबाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन करने के साथ-साथ ऐश डाइक सहित परियोजना के प्रमुख प्रचालन घटकों का दौरा किया और संयंत्र की तैयारियों एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
इस दौरान एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) की टीम को संबोधित करते हुए गुप्ता ने वाणिज्यिक प्रचालन शुरू होने पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इस सफलता का श्रेय टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और मजबूत टीम भावना को दिया। उन्होंने कहा कि बक्सर ताप विद्युत परियोजना बिहार की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गुप्ता ने टीम एसटीपीएल से परियोजना के प्रचालन में इसी गति को बनाए रखने और विद्युत संयंत्र के सुरक्षित, कुशल एवं विश्वसनीय संचालन पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
वहीं, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने भी टीम एसटीपीएल की प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परियोजना की इस उपलब्धि का श्रेय इससे जुड़े सभी लोगों की मजबूत टीम भावना को दिया। एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलक कुमार मुखोपाध्याय सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने एसजेवीएन के अधिकारियों का स्वागत किया।
बिहार सरकार के अधिकारियों से भी की मुलाकात
दौरे के दौरान भूपेंद्र गुप्ता और राजेश कुमार चंदेल ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव अजय यादव तथा बक्सर की जिला दंडाधिकारी साहिला से भी मुलाकात की। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें भूमि अधिग्रहण, सीएसआर, पीएसपी परियोजनाएं, पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) से संबंधित विषय, एसजेवीएन के पास उपलब्ध नवीकरणीय विद्युत तथा बिहार में संभावित निवेश के अवसर प्रमुख रहे।
परिसर में किया पौधारोपण
पर्यावरण संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता और निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया।
एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी है एसटीपीएल
बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित 1320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना का निष्पादन एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा किया गया है। परियोजना की दोनों इकाइयों की क्षमता 660-660 मेगावाट है।












