Advertisement

ड्रग तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई की मुख्यमंत्री ने सराहना की

Spread the love

2026 में अब तक 15 एनडीपीएस मामलों में 12.52 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ड्रग तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से अवैध रूप से खरीदी गई करीब 4.13 करोड़ रुपये की संपत्तियों की पहचान कर जब्त करने के लिए शिमला पुलिस के प्रयासों की सराहना की है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ड्रग कारोबार को बढ़ावा देने वाले वित्तीय नेटवर्क पर प्रहार करना भी जरूरी है, ताकि नशे के अवैध कारोबार की आर्थिक नींव को कमजोर किया जा सके।


उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत शिमला पुलिस द्वारा की गई वित्तीय जांच और अन्य कार्रवाई की भी सराहना की। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस ने 15 एनडीपीएस मामलों में 68 आरोपियों और उनके सहयोगियों से संबंधित 12.52 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। ड्रग तस्करों और उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।


उन्होंने पुलिस को ड्रग माफिया के खिलाफ वित्तीय कार्रवाई को और प्रभावी बनाने तथा अवैध ड्रग कारोबार की आर्थिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखते हुए इसी तरह की केंद्रित कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।