Advertisement

हादसा: आनी में कार दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत, एक गंभीर घायल

Spread the love

हरिपुर-नागन क्षेत्र में तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ हादसा, घायल रामपुर अस्पताल रेफर


कुल्लू/आनी। उपमंडल आनी के हरिपुर-नागन क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तड़के करीब 3:30 बजे हुआ, जब पांच लोगों को लेकर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र आनी की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कुल्लू के अनुसार प्रारंभिक सूचना में हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए रामपुर अस्पताल रेफर किया गया है।


मौके पर चलाया सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन


हादसे के बाद प्रशासन और बचाव दल ने घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों के अनुसार मृतकों और घायल की पहचान तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी बचाव अभियान पूरा होने और पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।


घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, तहसीलदार आनी, एसडीके आनी और एसडीएम आनी समेत संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।