Advertisement

सेशन कोर्ट से छलांग लगाकर फरार चिट्टा आरोपी दबोचा

Spread the love

पपलेश्वर महादेव मंदिर के पास सीवरेज पाइप में छिपा था आरोपी, पुलिस और स्थानीय लोगों ने पकड़ा


बिलासपुर। बिलासपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में पेशी के दौरान चिट्टा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी ने न्यायालय परिसर की ऊपरी मंजिल से छलांग लगाई और मौके से भाग निकला। हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आरोपी को पकड़ लिया। फरार होने के बाद आरोपी पपलेश्वर महादेव मंदिर के समीप सीवरेज की पाइप में छिपा हुआ था।


पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय चंद्रवीर निवासी रायसन, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। उसे 21 सितंबर को विशेष पुलिस टीम बिलासपुर ने गरामोड़ा फोरलेन के पास नाकाबंदी के दौरान वोल्वो बस की चेकिंग के दौरान पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.58 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना स्वारघाट में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था।


मंगलवार को आरोपी को जिला एवं सत्र न्यायालय बिलासपुर में पेशी के लिए लाया गया था। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान के अनुसार, न्यायालय परिसर में आरोपी को अंदर बुलाए जाने के दौरान उसने उल्टी आने की बात कही और अपने मुंह में हाथ डाला। पुलिस कर्मी उसे वॉशरूम की ओर ले जा रहे थे, इसी दौरान उसने अचानक छलांग लगा दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पपलेश्वर महादेव मंदिर के समीप सीवरेज पाइप में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे दबोच लिया।


लापरवाही पर पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी होगी तय


एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि आरोपी को तत्काल पकड़ लिया गया है। घटना के संबंध में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान हुई लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर उनके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा रही है।