Advertisement

कसोल के होटल में 15 एक्सपायरी खाद्य उत्पाद जब्त, मौके पर किए नष्ट

Spread the love

खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक कार्रवाई, आटा और मैदा के सैंपल जांच के लिए भेजे


कुल्लू। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कसोल क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक होटल में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान होटल में मियाद पूरी कर चुके खाद्य उत्पाद पाए गए। विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 15 खाद्य उत्पाद जब्त किए और उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान होटल में इस्तेमाल और परोसे जाने वाले कुछ खाद्य पदार्थों की एक्सपायरी डेट समाप्त पाई गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सभी एक्सपायरी उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करवाया।


इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए टीम ने होटल से आटा और मैदा के दो सैंपल लिए हैं। दोनों सैंपलों को जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला में भेजा गया है। लैब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


नियमों के उल्लंघन पर मामला दर्ज


खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में संबंधित होटल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और एक्सपायरी डेट से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।