Advertisement

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग

Spread the love

प्रदेश कांग्रेस ने राज्य चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर फूंका पुतला, रजनी पाटिल बोलीं- देशव्यापी आंदोलन करेगी कांग्रेस


शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और उन्हें पद से हटाने की मांग की।


प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, विधायक रघुवीर बाली, प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा सहित पीसीसी, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। शिमला नगर निगम के महापौर, पार्षदों तथा अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।


रजनी पाटिल बोलीं- मतदाताओं के अधिकारों का हनन


रजनी पाटिल ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाती रही है। हाल में दो चुनाव आयुक्तों द्वारा विभिन्न निर्णयों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की खबरों के बाद इन सवालों को और बल मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में आंदोलन करेगी।


अग्निहोत्री बोले- कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी


उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर पहली बार इतने गंभीर सवाल उठे हैं और कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी।


अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा के लिए जन आंदोलन करेगी।
जिलों और ब्लॉकों में नुक्कड़ सभाएं करेगी कांग्रेस


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पार्टी चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को प्रदेश के हर हिस्से तक ले जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं और कांग्रेस इन्हें जनता के बीच उठाएगी।


उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों और ब्लॉकों में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।


गौरतलब है कि SIR को लेकर निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बहुसदस्यीय आयोग में अलग-अलग राय, टिप्पणियां और आंतरिक विचार-विमर्श सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं तथा आयोग के अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।