रजनी पाटिल ने जिला अध्यक्षों को दिए निर्देश, विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर जोर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला अध्यक्षों को पार्टी की लंबित कमेटियों का जल्द गठन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में अब करीब एक वर्ष का समय रह गया है, ऐसे में संगठन का हर स्तर पर प्रभावी और सक्रिय होना जरूरी है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को जिला अध्यक्षों के कामकाज की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी ने जिन पदाधिकारियों को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उन्हें उस पर पूरी तरह खरा उतरना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और नियमित बैठकों में उपस्थिति जरूरी है।
रजनी पाटिल ने स्पष्ट किया कि जो पदाधिकारी संगठन के कामकाज के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं अथवा लगातार बैठकों से अनुपस्थित रहते हैं, उनकी जगह नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाए। उन्होंने जिला प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित दौरे करने और बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, सह प्रभारी चेतन चौहान, प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा सहित जिला प्रभारी और जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने जिला अध्यक्षों और प्रभारियों से एक-एक कर बातचीत की तथा जिलों और ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति, संगठन की सक्रियता और जमीनी गतिविधियों की जानकारी ली।
निर्देशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों तथा जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट समय पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी किसी भी निर्देश की अवहेलना सहन नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आपसी तालमेल और अनुशासन के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक सक्रिय करने, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय करने तथा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी गतिविधियों को तेज करने पर भी चर्चा हुई।












