नेपाल में एसजेवीएन की जलविद्युत परियोजनाओं को गति देने के लिए CMD ने की उच्चस्तरीय बैठकें
अरुण-3 और लोअर अरुण परियोजनाओं की प्रगति पर नेपाल के वित्त एवं ऊर्जा मंत्रियों से चर्चा, भूमि और वन स्वीकृति संबंधी बाधाओं को दूर करने पर बनी सहमति
शिमला। एसजेवीएन ने नेपाल में अपनी जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने सोमवार को काठमांडू में नेपाल सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं। बैठकों में 900 मेगावाट की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना और 669 मेगावाट की लोअर अरुण परियोजना के कार्यान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने और निर्माण कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
भूपेंद्र गुप्ता ने नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ तथा निवेश बोर्ड नेपाल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी यांकी उक्याब से मुलाकात की। इस दौरान नेपाल सरकार के वित्त सचिव, निवेश बोर्ड के संयुक्त सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठकों में अरुण-3 परियोजना के शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ इससे जुड़ी 217 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से भूमि संबंधी मामलों और वन स्वीकृति से जुड़ी बाधाओं के समाधान पर जोर दिया गया। वहीं, लोअर अरुण परियोजना की निर्माण पूर्व गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक अनुमोदन जल्द प्राप्त करने का विषय भी उठाया गया।
एसजेवीएन और नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों ने परियोजनाओं से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए संबंधित विभागों और प्राधिकरणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने इन रणनीतिक परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठकों में एसजेवीएन के निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल तथा एसएपीडीसी एवं एसएलपीडीसी के सीईओ पंकज चौधरी भी उपस्थित रहे। एसजेवीएन अपनी अधीनस्थ कंपनियों के माध्यम से नेपाल में जलविद्युत परियोजनाओं का विकास कर रहा है। इन परियोजनाओं को भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग, क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा और सतत विद्युत उत्पादन की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।












