Advertisement

‘शुल्क की सरकार’ ने होटल कारोबारियों पर डाला अतिरिक्त बोझ, बढ़ा हुआ टैक्स वापस ले सरकार : जयराम

Spread the love

बोले- छोटे होटलों का पांच साल का शुल्क 72 हजार से बढ़ाकर 1.80 लाख करना अनुचित, वित्तीय विफलताओं का बोझ जनता पर डाल रही सरकार


मंडी। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जनता और कारोबारियों पर लगातार आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाते हुए इसे ‘शुल्क की सरकार’ करार दिया है। उन्होंने प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से होटलों के संचालन सहमति शुल्क (सीटीओ) और स्थापना सहमति शुल्क (सीटीई) में की गई भारी बढ़ोतरी का विरोध करते हुए सरकार से इस फैसले को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार का गवर्नेंस मॉडल ही जनता और कारोबारियों पर बेहिसाब शुल्क लगाना बन गया है।


जयराम ठाकुर ने कहा कि टॉयलेट टैक्स जैसे फैसले से हुई किरकिरी के बाद सरकार कभी पर्यटकों के वाहनों पर टैक्स लगा रही है तो कभी स्कूल-कॉलेज की फीस और स्वास्थ्य सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी कर रही है। राजस्व से जुड़े छोटे-छोटे कामों के लिए भी तहसीलों में लोगों से भारी फीस वसूली जा रही है। अब होटल कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया गया है। सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने के लिए खर्चों में कटौती करने के बजाय जनता और छोटे कारोबारियों से अधिक राजस्व जुटाने में लगी है।


उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क के ढांचे में भारी बदलाव किया है। इसके तहत 10 से 13 कमरों वाले ग्रीन श्रेणी के छोटे होटलों का पांच साल का शुल्क 72 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे होटल संचालकों पर 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसी तरह वार्षिक शुल्क भी 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36 हजार रुपये कर दिया गया है।

वहीं, 20 से अधिक कमरों वाले ऑरेंज श्रेणी के होटलों का पांच साल का संभावित शुल्क तीन से पांच लाख रुपये तक पहुंच सकता है।


नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नए शुल्क ढांचे के कारण पुराने होटल संचालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुल्क जमा न करने पर होटल बंद करने तक के नोटिस जारी किए जा रहे हैं। सीमित संसाधनों में कारोबार कर रहे छोटे और मध्यम होटल व्यवसायियों के लिए इतनी बड़ी बढ़ोतरी असहनीय है।

पर्यटन प्रतिष्ठानों की तुलना बड़े औद्योगिक निर्माण संस्थानों से करना उचित नहीं है। सरकार को इस फैसले पर पुनर्विचार कर कारोबारियों को राहत देनी चाहिए। भाजपा जनता और पर्यटन कारोबार पर पड़ रहे इस अतिरिक्त बोझ के खिलाफ सड़क से लेकर हर मोर्चे तक आवाज उठाएगी।


दिल्ली रैली को बताया फ्लॉप, सुक्खू पर भी साधा निशाना
जयराम ठाकुर ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से आयोजित रैली को भी फ्लॉप करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल और कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें मंच से बोलने तक का मौका नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के संसाधन राहुल गांधी की रिलॉन्चिंग के लिए खर्च किए गए, लेकिन रैली में कांग्रेस की अपेक्षित ताकत नजर नहीं आई। इससे कांग्रेस हाईकमान में मुख्यमंत्री की राजनीतिक स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।


इससे पहले जयराम ठाकुर अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केंद्र शंकर देहरा के अंतर्गत सनोई और काण्डीधार बूथ की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चार नवंबर को मंडी में प्रस्तावित ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।