Advertisement

स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के लिए हिमाचल पुलिस ने शुरू की ‘स्कूल कनेक्ट’ पहल

Spread the love

27 स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ डीजीपी ने की बैठक, सीसीटीवी निगरानी से लेकर साइबर बुलिंग, नशे और यौन शोषण की रोकथाम पर रहेगा विशेष फोकस

शिमला। प्रदेश के स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और बच्चों को विभिन्न प्रकार के अपराधों एवं खतरों से बचाने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नई पहल शुरू की है। ‘स्कूल कनेक्ट-स्कूल सुरक्षा एवं विद्यार्थी संरक्षण पहल’ के माध्यम से अब पुलिस स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगी। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को न केवल शारीरिक बल्कि डिजिटल और सामाजिक खतरों से भी सुरक्षित रखना है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शुरू की गई इस पहल के तहत पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय शिमला में 27 स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि पुलिस के सफल ‘पुलिस-यूनिवर्सिटी कनेक्ट’ कार्यक्रम को अब स्कूल स्तर तक विस्तारित किया जा रहा है। इसमें निवारक पुलिसिंग के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा से जुड़े संभावित जोखिमों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में स्कूल परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। स्कूलों के प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, आगंतुकों का सत्यापन, प्रवेश नियंत्रण, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन और नियमित सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही बच्चों के अपहरण, यौन शोषण, बुलिंग और उत्पीड़न जैसी घटनाओं की रोकथाम तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।

साइबर अपराध और नशे से बचाने पर विशेष जोर

बदलते डिजिटल परिवेश में विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और डीपफेक जैसे उभरते साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। वहीं, विद्यार्थियों को चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए स्कूलों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। डीजीपी ने शिक्षण संस्थानों से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘एंटी-चिट्टा जन आंदोलन’ में भी सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।

स्कूल परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए वाहन चालकों और सहायकों का पुलिस सत्यापन, आपदा प्रबंधन की तैयारी, सुरक्षित निकासी के अभ्यास और आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली ईआरएसएस-112 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा स्कूलों में सुरक्षा समितियों के गठन, पुलिस नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और स्थानीय पुलिस के साथ नियमित संवाद स्थापित करने का सुझाव दिया गया।

डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस और शिक्षण संस्थानों की साझा जिम्मेदारी है। स्कूलों में सीसीटीवी निगरानी, कर्मचारियों का सत्यापन और सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुरक्षा व्यवस्था का अनिवार्य हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘स्कूल कनेक्ट’ का उद्देश्य किसी घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, सतर्कता और आपसी समन्वय से ऐसी घटनाओं को पहले ही रोकना है।

उन्होंने कहा कि ‘यूनिवर्सिटी कनेक्ट’ के माध्यम से उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई गई है, जबकि ‘स्कूल कनेक्ट’ पहल को बच्चों के शुरुआती और अधिक संवेदनशील शैक्षणिक चरण तक ले जाएगी। इससे प्रदेश में सुरक्षित स्कूल वातावरण तैयार करने और विद्यार्थी संरक्षण की व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।