हिमाचल में कंपनी का पहला होटल, पर्यटकों को मिलेगी लग्जरी सुविधाएं; तीन रेस्टोरेंट, स्पा, स्विमिंग पूल और बैंक्वेट हॉल की भी सुविधा
शिमला। हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है। देश के प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी ब्रांड सयाजी होटल्स ने शिमला के निकट कुफरी में अपना पहला होटल ‘एनराइज बाय सयाजी’ शुरू किया है। फागू (ठियोग) में स्थापित 64 कमरों वाला यह माउंटेन रिट्रीट आधुनिक सुविधाओं और पहाड़ी खूबसूरती का अनूठा संगम होगा। केसी विला के सहयोग से विकसित इस होटल के शुरू होने से कुफरी और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों को ठहरने का एक नया विकल्प मिलेगा।
होटल में पर्यटकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पांच श्रेणियों में 64 कमरे तैयार किए गए हैं। इनमें डीलक्स और प्रीमियम माउंटेन व्यू रूम के अलावा निजी बाथटब वाले कमरे और जकूजी से सुसज्जित सुइट शामिल हैं। कुछ कमरों में बालकनी की सुविधा भी दी गई है, जहां से पर्यटक आसपास की पहाड़ियों और प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकेंगे।
खानपान के लिए होटल में तीन अलग-अलग आउटलेट बनाए गए हैं। मोमेंट नाम से ऑल-डे डाइनिंग रेस्टोरेंट शुरू किया गया है, जबकि कैफीन में कॉफी और अन्य पेय पदार्थों के साथ आरामदायक माहौल मिलेगा। वहीं, 99 डिग्री बार में मल्टी-क्यूजीन व्यंजन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा होटल में स्विमिंग पूल, फिटनेस सेंटर, रिक्रिएशन रूम, स्पा और वेलनेस सेंटर जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
कॉरपोरेट और सामाजिक आयोजनों के लिए होटल में सोलिटेयर, क्रिस्टल और ज्वेल नाम से तीन बैंक्वेट वेन्यू तैयार किए गए हैं। यहां व्यावसायिक बैठकें, कॉन्फ्रेंस, सामाजिक समारोह और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
होटल के शुभारंभ पर केसी विला के प्रबंध निदेशक केशव चौहान ने कहा कि उनका उद्देश्य कुफरी की प्राकृतिक खूबसूरती के अनुरूप ऐसा पर्यटन स्थल तैयार करना है, जहां पर्यटकों को आधुनिक होटल जैसी सुविधाओं के साथ पहाड़ों के बीच यादगार अनुभव मिल सके। उन्होंने सयाजी होटल्स के साथ साझेदारी को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं, सयाजी होटल्स लिमिटेड की कॉरपोरेट हेड (बिजनेस डेवलपमेंट) सुमेरा धनानी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कंपनी का यह पहला होटल है। इसके साथ ही देश में सयाजी होटल्स की मौजूदगी 10 राज्यों तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि कंपनी ऐसे पर्यटन स्थलों पर विस्तार कर रही है, जहां हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में विकास की संभावनाएं हैं।
फागू में स्थित यह होटल शिमला से करीब 21 किलोमीटर और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 140 किलोमीटर दूर है। इसकी लोकेशन को देखते हुए इसे शिमला, कुफरी और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर करने वाले पर्यटकों के लिए सुविधाजनक ठिकाना माना जा रहा है। खासकर चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से वीकेंड पर हिमाचल आने वाले पर्यटकों को यहां ठहरने का नया विकल्प मिलेगा।












