मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना को मंजूरी, स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र और 561 जेओए (आईटी) होंगे नियुक्त; अदरक का एमएसपी 40 और सी-ग्रेड सेब का खरीद मूल्य 13 रुपये प्रति किलो किया
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिमला में आयोजित हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में महिलाओं, किसानों, बागवानों, युवाओं और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कैबिनेट ने ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करने को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जाएगी।
योजना के तहत प्रदेश में 3.50 लाख पात्र महिलाओं की पहचान की गई है। इसके अलावा पात्र लाभार्थी परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। वहीं, 59 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को दी जाने वाली आर्थिक सहायता भी 1050 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
ऊर्जा परियोजनाओं के नियम बदले, आवंटन रद्द
कैबिनेट ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में महत्वपूर्ण संशोधनों को मंजूरी दी है। इसके तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की ओर से संचालित जल विद्युत परियोजनाओं के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी का प्रावधान किया गया है। परियोजनाओं के संचालन की तारीख से 50 वर्ष पूरे होने के बाद इन्हें राज्य सरकार को निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा।
लंबे समय से कार्यान्वयन न होने के कारण 222 सौर ऊर्जा परियोजनाओं का आवंटन रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त नीति के प्रावधानों का पालन न करने पर 25 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली 13 जल विद्युत परियोजनाओं का आवंटन रद्द होगा, जबकि 20 परियोजनाओं के लिए दोबारा निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रदेश में सरप्लस रॉ वॉटर की बिक्री के लिए भी एक समान नीति लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को पानी की बिक्री की शुरुआती दर 100 रुपये प्रति 1000 क्यूबिक फीट निर्धारित की गई है। इसमें थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन होगा। यह नीति मौजूदा और भविष्य की सभी परियोजनाओं, अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं सहित, पर लागू होगी।
स्वास्थ्य विभाग में 1561 पदों पर अवसर
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग में 1000 रोगी मित्र नियुक्त करने को मंजूरी दी है। इसके अलावा प्रदेश के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों, डेंटल कॉलेजों और चिकित्सा शिक्षा निदेशालय में अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 561 पद सृजित कर भरने का फैसला लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली के कार्यान्वयन के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर भी नियुक्त किए जाएंगे।
सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत परफ्यूजनिस्ट का मासिक मानदेय 25 हजार से बढ़ाकर 45 हजार रुपये कर दिया गया है।
आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा और श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक पदों और सीनियर रेजिडेंट के पदों को सृजित कर भरा जाएगा।
कांगड़ा जिले के सिविल अस्पताल नूरपुर में मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विंग के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाएंगे। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में विभिन्न विभागों में असिस्टेंट प्रोफेसर के आठ और एसोसिएट प्रोफेसर का एक पद सृजित करने का निर्णय लिया गया है।
अदरक और सेब उत्पादकों को राहत
कैबिनेट ने प्राकृतिक रूप से उगाए गए अदरक का न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति किलोग्राम करने को मंजूरी दी है। वहीं, मंडी मध्यस्थता योजना के तहत सी-ग्रेड सेब का खरीद मूल्य 12 रुपये से बढ़ाकर 13 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया गया है। इन फैसलों से अदरक उत्पादकों और बागवानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बस खरीद पर सब्सिडी बढ़ाई
राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना-2023 के तहत इंट्रा सब-डिविजन रूटों पर यात्री बसें चलाने के लिए डीजल बसों की खरीद पर सब्सिडी 30 से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दी गई है।
हमीरपुर बस स्टैंड से डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ तथा आईजीएमसी शिमला की नई ओपीडी से अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटी चमियाणा रूट पर बस सेवा के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। इन मार्गों पर 10 से अधिक सीटों वाली इलेक्ट्रिक बसों की खरीद पर 50 प्रतिशत और डीजल बसों की खरीद पर 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।
पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा अब ऑफलाइन
मंत्रिमंडल ने हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग (कांस्टेबल भर्ती) नियम-2024 के नियम 11 में एकमुश्त छूट देते हुए कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा ऑनलाइन के स्थान पर ऑफलाइन माध्यम से आयोजित करने की मंजूरी प्रदान की है।
कांगड़ा जिले की पुलिस चौकी बड़ोह को पुलिस थाने में स्तरोन्नत किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक पद सृजित होंगे। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के लिए नई पुलिस चौकी खोलने का भी निर्णय लिया गया है।
विभिन्न विभागों में पद भरने को मंजूरी
ग्रामीण विकास विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 20 पद भरे जाएंगे। प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 15 पद सृजित कर भरे जाएंगे। कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के चार और मल्टी टास्क वर्कर का एक पद सृजित किया जाएगा। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में दिव्यांगजनों के लिए निर्धारित चार प्रतिशत आरक्षण के तहत विभिन्न श्रेणियों के तीन पद भरे जाएंगे।
अस्पताल स्तरोन्नत, पंजीकरण केंद्र होंगे आधुनिक
मंत्रिमंडल ने सिरमौर जिले के नव स्तरोन्नत सिविल अस्पताल हरिपुरधार के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पद भरने का फैसला लिया है। शिमला जिले के कोटखाई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने की मंजूरी भी दी गई है।
प्रदेश के मौजूदा उप-पंजीयक कार्यालयों को पासपोर्ट सेवा केंद्रों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए ‘रजिस्ट्रेशन सेवा केंद्र परियोजना’ लागू की जाएगी। इसके पहले चरण में सोलन, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर जिलों को शामिल किया गया है।
चिट्टा मुक्त अभियान के लिए खेलों का सहारा
प्रदेश के सभी 12 जिलों में ‘खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखना और स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन तथा सकारात्मक सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय, पांगी का फूल यात्रा मेला राज्य स्तरीय
मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिले के घुमारवीं में केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने के लिए 2.26 हेक्टेयर भूमि पट्टे पर देने का निर्णय लिया है। चंबा जिले के पांगी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय फूल यात्रा मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्रदान करने की मंजूरी दी गई है। कांगड़ा जिले के डाडासीबा में एसडीएम कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पद सृजित कर भरे जाएंगे।












