आरोपी की निशानदेही पर कमयाणा-भराड़ी के जंगल से चांदी के मुकुट, हनुमान जी की गदाएं और धार्मिक आभूषण बरामद, ट्रस्टियों ने की सामान की पहचान
शिमला। राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर मंदिर से चोरी की गई संपत्ति का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। आरोपी ने चोरी के बाद मंदिर की कीमती धार्मिक वस्तुओं को कमयाणा और भराड़ी के समीप जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरा सामान कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार संकट मोचन मंदिर में चोरी के मामले में पुलिस थाना पश्चिम में एक नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 236/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305(D) में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बसंतपुर, तहसील सुन्नी निवासी 31 वर्षीय हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी को 23 नवंबर को बीएनएस की धारा 120B के तहत गिरफ्तार किया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और आगामी जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर 23 नवंबर को कमयाणा-भराड़ी के समीप जंगल में दबिश दी। यहां से मंदिर से चोरी की गई तमाम धार्मिक वस्तुएं बरामद की गईं।
बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाएं सहित अन्य कीमती धार्मिक आभूषण शामिल हैं।
बरामदगी के समय संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद वस्तुओं की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरी मामले में चोरी गई संपत्ति की 100 फीसदी बरामदगी सुनिश्चित हुई है। हालांकि, मामले की पुलिस जांच अभी जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।












