Advertisement

सेना पर टिप्पणी के विरोध में शिमला में भाजयुमो का प्रदर्शन, पुलिस से धक्कामुक्की

Spread the love

जगत सिंह नेगी के इस्तीफे और सार्वजनिक माफी की मांग, पुतला जलाने के प्रयास के दौरान प्रदेश महासचिव की जैकेट फटी; आंदोलन तेज करने की चेतावनी


शिमला। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी की भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा के बैनर तले भाजपा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राजधानी शिमला में प्रदर्शन कर मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला।

प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने के प्रयास को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई। इस दौरान भाजयुमो प्रदेश महासचिव सुशील कडशोली की जैकेट भी फट गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी और मुख्यमंत्री से उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई।


विवाद की शुरुआत धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी की सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी से हुई। भाजपा इस मामले को लेकर राज्यपाल के समक्ष भी मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा चुकी है। मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा ने शिमला की सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।


भाजयुमो प्रदेश महासचिव सुशील कडशोली ने कहा कि विधानसभा जैसे संवैधानिक मंच पर भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री ने भारतीय सेना की उपलब्धियों और क्षमता पर सवाल उठाकर सैनिकों का अपमान किया है। कडशोली ने कहा कि जगत सिंह नेगी पहले भी सेना, महिला सांसद और आपदा प्रभावित क्षेत्रों को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं।


उन्होंने प्रदेश सरकार पर चुनावी गारंटियों और विभागीय कामकाज से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बागवानों को एमआईएस के तहत सी-ग्रेड सेब खरीद के करीब 45 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। सरकार को दस गारंटियों, पांच लाख नौकरियों, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और स्टार्टअप फंड जैसे वादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो भाजयुमो प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगा।


वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पुलिस के माध्यम से विपक्ष के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सैनिकों और युवाओं की धरती है। सेना को लेकर की गई टिप्पणी से प्रदेश और देश के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।


चौहान ने दावा किया कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुतला जलाने के प्रयास के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्कामुक्की की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सरकार के दबाव में काम करने के बजाय कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा पर ध्यान देने की अपील की। भाजपा जिला अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मंत्री जगत सिंह नेगी को पद से हटाने तथा कांग्रेस और मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की पुलिस कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी।