Advertisement

Warning: हिमाचल में आलू की फसल पर लेट ब्लाइट का खतरा, किसानों को तुरंत बचाव के उपाय अपनाने की सलाह

Spread the love
केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान का अलर्ट, मौसम बीमारी के प्रसार के लिए अनुकूल; समय पर फफूंदनाशक छिड़काव करने की अपील


शिमला। हिमाचल प्रदेश में आलू की खेती करने वाले किसानों के लिए केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई), शिमला ने चेतावनी जारी की है। संस्थान ने कहा है कि मौजूदा मौसम की परिस्थितियां आलू की फसल में पिछेता झुलसा (लेट ब्लाइट) बीमारी के फैलने के लिए अनुकूल हैं और आने वाले दिनों में इसका प्रकोप बढ़ सकता है। ऐसे में किसानों को समय रहते बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।


संस्थान द्वारा विकसित इंडो-ब्लाइटकास्ट (पैन इंडिया) पूर्वानुमान मॉडल के अनुसार प्रदेश के कई क्षेत्रों में लेट ब्लाइट का खतरा बढ़ गया है। पौध संरक्षण संभाग के संभागाध्यक्ष डॉ. संजीव शर्मा ने किसानों से नियमित रूप से फसल का निरीक्षण करने और बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखते ही वैज्ञानिक सलाह के अनुसार फफूंदनाशकों का छिड़काव करने का आग्रह किया है।


उन्होंने बताया कि जिन खेतों में अभी तक बीमारी के लक्षण दिखाई नहीं दिए हैं और फफूंदनाशक का छिड़काव नहीं किया गया है, वहां मैन्कोजेब अथवा क्लोरोथलोनील युक्त फफूंदनाशक का 0.2 से 0.25 प्रतिशत घोल बनाकर छिड़काव किया जाए। वहीं, जिन खेतों में बीमारी के लक्षण दिखाई देने लगे हैं, वहां डाइमेथोमोर्फ, अमेटोक्ट्रडीन + डाइमेथोमोर्फ, डाइमेथोमोर्फ + मैन्कोजेब, फ्लुपिकोलिडे + प्रोपमोकार्ब अथवा अजोक्षिस्ट्रोबिन + टेबुकोनाज़ोल जैसे अनुशंसित फफूंदनाशकों का निर्धारित मात्रा में प्रयोग करने की सलाह दी गई है।


विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में फफूंदनाशकों का छिड़काव 10 दिन के अंतराल पर दोहराया जा सकता है। हालांकि, बीमारी की तीव्रता को देखते हुए इस अंतराल में बदलाव किया जा सकता है। संस्थान ने किसानों को एक ही फफूंदनाशक का लगातार प्रयोग नहीं करने तथा प्रत्येक छिड़काव में 0.1 प्रतिशत स्टिकर का उपयोग करने की भी सलाह दी है।


इसके अलावा खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और खरपतवार नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि नमी के कारण बीमारी के तेजी से फैलने की संभावना को कम किया जा सके। संस्थान ने किसानों से मौसम आधारित कृषि सलाह का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करने की अपील की हैं।