भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, सड़क अवरोध, वनाग्नि समेत किसी भी आपदा की फोटो और लोकेशन भेजते ही पहुंचेगी संबंधित अधिकारियों तक सूचना
शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (HPSDMA) ने आपदाओं की त्वरित सूचना और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए ‘आपदा रक्षक (Aapda Rakshak)’ मोबाइल एप्लीकेशन शुरू की है। इस ऐप के माध्यम से आम नागरिक अपने आसपास होने वाली किसी भी आपदा या दुर्घटना की फोटो, लोकेशन और आवश्यक जानकारी सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकते हैं, जिससे राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके।
ऐप में नागरिक, विभागीय अधिकारी तथा पुलिस, अग्निशमन और SDRF के लिए अलग-अलग लॉगिन की सुविधा दी गई है। नागरिकों को केवल ऐप डाउनलोड कर ‘Citizen’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद वे घटनास्थल की फोटो लेकर घटना का प्रकार, स्थान और संक्षिप्त विवरण दर्ज कर रिपोर्ट भेज सकते हैं। रिपोर्ट के साथ GPS लोकेशन स्वतः जुड़ जाएगी।
प्राधिकरण के अनुसार, नागरिकों द्वारा भेजी गई सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) के नियंत्रण कक्ष तक तुरंत पहुंचेगी, जिससे संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने में सहायता मिलेगी।
यह ऐप भूस्खलन, बाढ़, बादल फटना, सड़क अवरोध, वनाग्नि, भूकंप, भवन ढहना, हिमस्खलन, सड़क दुर्घटना सहित किसी भी प्रकार की आपदा की रिपोर्टिंग के लिए उपयोग किया जा सकता है।
#HPSDMA ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल में ‘आपदा रक्षक’ ऐप डाउनलोड करें और आपदा की स्थिति में सही एवं त्वरित सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें। समय पर दी गई एक सूचना कई लोगों की जान बचा सकती है।












