Advertisement

SFI छात्राओं से कथित धक्कामुक्की पर जनवादी महिला समिति का भाजपा पर हमला, गिरफ्तारी की मांग

Spread the love
रंजना जरेट और फालमा चौहान ने कहा- दोषियों पर तुरंत कार्रवाई हो, अन्यथा राज्यभर में चलाया जाएगा अभियान


शिमला। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने शिमला उपायुक्त कार्यालय के बाहर छात्राओं के साथ कथित धक्कामुक्की और हाथापाई की घटना की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा के महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं ने छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, उनके कपड़े फाड़े, डंडों से मारपीट की और कई छात्रों को जमीन पर गिराया।


समिति का कहना है कि एसएफआई के छात्र-छात्राएं देशभर में नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। समिति ने आरोप लगाया कि छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया जा रहा है।


जनवादी महिला समिति ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल आरोपित भाजपा कार्यकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यभर में अभियान चलाकर विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।


जनवादी महिला समिति की राज्य अध्यक्ष रंजना जरेट और राज्य महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों और छात्राओं के साथ हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।