शिमला। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (एएमआरयू) के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल ने डॉ. डी.के. वर्मा को अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, मंडी का नया कुलपति (Vice Chancellor) नियुक्त किया है। इस संबंध में बुधवार को राज्यपाल सचिवालय की ओर से अधिसूचना जारी की गई।
जारी आदेश के अनुसार, हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज अधिनियम, 2017 की धारा 14(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य सरकार की सलाह पर यह नियुक्ति की गई है।
अधिसूचना के मुताबिक, शिमला के कसुम्पटी स्थित पेन रोज़ हॉल निवासी डॉ. डी.के. वर्मा को तीन वर्ष की अवधि के लिए या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक (जो भी पहले हो) कुलपति नियुक्त किया गया है। उन्हें नियमानुसार वेतन एवं अन्य भत्ते मिलेंगे तथा सेवा की अन्य शर्तें हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज अधिनियम, 2017 के प्रावधानों के अनुसार लागू होंगी।












