Advertisement

‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत 6 से 8 अगस्त तक होंगे ब्लॉक स्तरीय जन-संवाद कार्यक्रम

Spread the love
मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- 1.78 लाख अति निर्धन परिवारों से संवाद कर उनके सुझावों के आधार पर बनाई जाएंगी कल्याणकारी योजनाएं


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत 6, 7 और 8 अगस्त को प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों की अध्यक्षता संबंधित क्षेत्र के विधायक करेंगे। इसके लिए ग्राम पंचायतों के क्लस्टर बनाए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक क्लस्टर में अधिकतम 10 ग्राम पंचायतों को शामिल किया जाएगा।


गुरुवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जन-संवाद कार्यक्रमों में ग्राम पंचायतों से चिन्हित अति निर्धन परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान इन परिवारों की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े सुझावों पर विस्तार से चर्चा होगी। प्राप्त फीडबैक के आधार पर सरकार नई योजनाएं तैयार कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करेगी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग ने आठ चरणों में सर्वेक्षण पूरा कर प्रदेश के लगभग 1.78 लाख अति निर्धन परिवारों की पहचान की है। इनमें करीब 85 हजार परिवार ऐसे हैं, जो अब तक बीपीएल सूची में शामिल नहीं हो सके और उन्हें किसी भी सरकारी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष के बजट में घोषित ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ को अब धरातल पर लागू किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाना है, ताकि प्रदेश की समग्र समृद्धि सुनिश्चित की जा सके।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अति निर्धन परिवारों के चयन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से संपन्न की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेह बनाया गया है।


बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव सी. पालरासु, विभाग के निदेशक राघव शर्मा, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस के निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।