Advertisement

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानियां तीन देशों के अध्ययन प्रवास पर

Spread the love

इटली में भारतीय समुदाय से मिले, हिमाचल की पर्यटन संभावनाओं से कराया अवगत


शिमला। 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन के समापन के बाद हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां तीन देशों के अध्ययन प्रवास पर रवाना हुए हैं। तय कार्यक्रम के तहत उनका प्रवास इटली, फिनलैंड और नॉर्वे में रहेगा।


अध्ययन प्रवास के पहले चरण में पठानियां शनिवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे। दो दिन रोम में प्रवास के बाद वह रेल मार्ग से वेनिस पहुंचे। वेनिस में उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं के बारे में जानकारी साझा की।


पठानियां ने भारतीय समुदाय और स्थानीय लोगों को हिमाचल के प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों और यहां मौजूद पर्यटन की संभावनाओं से अवगत करवाया। इस दौरान उन्होंने हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।


वेनिस प्रवास के बाद विधानसभा अध्यक्ष रेल मार्ग से मिलान के लिए रवाना हुए। 21 और 22 सितंबर को उनका मिलान में प्रवास प्रस्तावित है। इसके बाद वह अध्ययन प्रवास के अगले चरण के लिए फिनलैंड और नॉर्वे जाएंगे।


इटली का वेनिस शहर अपनी ऐतिहासिक नहरों, गोंडोला की सवारी और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। वहीं रोम अपने प्राचीन इतिहास और कोलोसियम सहित ऐतिहासिक धरोहरों के लिए जाना जाता है। अध्ययन प्रवास के दौरान विभिन्न देशों की संसदीय एवं अन्य व्यवस्थाओं का अध्ययन भी कार्यक्रम का हिस्सा है।