‘व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति’ अभियान के तहत 10 जवानों ने दो मोटरसाइकिलों पर 9.8 किलोमीटर लंबी अटल टनल महज 9 मिनट 47 सेकंड में पार कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
शिमला। भारतीय सेना के कोर ऑफ सिग्नल्स की डेयर डेविल्स टीम ने हिमाचल प्रदेश की अटल टनल, रोहतांग में एक ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड प्रयास कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कारगिल विजय दिवस को समर्पित ‘व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति’ मोटरसाइकिल अभियान के तहत सेना के जांबाज जवानों ने ऐसा साहसिक प्रदर्शन किया, जिसने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
कोर ऑफ सिग्नल्स द्वारा संचालित यह राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल अभियान 30 जून को पलचन पहुंचा और इसके अगले ही दिन 1 जुलाई को डेयर डेविल्स टीम ने दुनिया की सबसे लंबी 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित राजमार्ग सुरंग अटल टनल में नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया।
इस रोमांचक और जोखिमभरे प्रदर्शन में 10 राइडर्स ने केवल दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 9.8 किलोमीटर लंबी अटल टनल को महज 9 मिनट 47.97 सेकंड में पार किया। समुद्र तल से 10,075 फीट की ऊंचाई पर हुए इस अद्भुत प्रदर्शन ने टीम के असाधारण संतुलन, अनुशासन, समन्वय, साहस और पेशेवर दक्षता का शानदार परिचय दिया।
भारतीय सेना के अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कोर ऑफ सिग्नल्स डेयर डेविल्स द्वारा किए जा रहे कई विश्व रिकॉर्ड प्रयासों की श्रृंखला का पहला महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले कई महीनों से इस मिशन के लिए विशेष प्रशिक्षण, तकनीकी अभ्यास और सुरक्षा मानकों पर गहन तैयारी की गई थी।
रिकॉर्ड प्रयास के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। स्थानीय प्रशासन, हिमाचल पुलिस, सीमा सड़क संगठन (BRO), प्रोजेक्ट योजक, प्रोजेक्ट दीपक और 38 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स के सहयोग से पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
सिग्नल ऑफिसर-इन-चीफ एवं कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल विवेक डोगरा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय सेना की साहसिक परंपरा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने सहयोगी एजेंसियों का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
यह उपलब्धि कोर ऑफ सिग्नल्स के गौरवशाली इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ती है। ‘व्हील्स ऑफ वैलर : संचार शक्ति’ अभियान का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि युवाओं, पूर्व सैनिकों और आम नागरिकों के बीच राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश पहुंचाना भी है।
अटल टनल में यह प्रदर्शन भारतीय सेना की ‘Swift, Secure and Connected’ कार्यशैली का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय सेना केवल सीमाओं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि साहस और उत्कृष्टता के हर क्षेत्र में देश का मान बढ़ा रही है।













Leave a Reply