Advertisement

बिलासपुर: श्रद्धालुओं से भरी निजी बस दुर्घटनाग्रस्त, दो की मौत, सात घायल

Spread the love
अमृतसर से दियोटसिद्ध-शाहतलाई दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु; तीन गंभीर घायलों में एक पीजीआई चंडीगढ़, दो मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर


बिलासपुर। अमृतसर से बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध और शाहतलाई में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस गत रात हमीरपुर-बिलासपुर जिला सीमा पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में कुल 35 यात्री सवार थे। दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात यात्री घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है।


हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और रात भर राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।


उपायुक्त राहुल कुमार ने पत्रकारों को बताया कि हादसे में घायल दो श्रद्धालुओं ने उपचार के दौरान बड़सर अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं तीन यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से एक घायल को पीजीआई चंडीगढ़ और दो को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर किया गया है।


इसके अलावा चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका बड़सर अस्पताल में उपचार चल रहा है।


उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई गई है और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।


उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।