Advertisement

जनता ने हर चुनाव में कांग्रेस को दिया जवाब, अब प्रमाणपत्र बांटने की राजनीति छोड़ें विक्रमादित्य : बिंदल

Spread the love
राम मंदिर पर कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले- रोजगार के वादों पर जवाब दे सरकार


शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा या उसके नेताओं को किसी प्रकार का प्रमाणपत्र देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले 35 वर्षों से जनता लगातार उन्हें जनप्रतिनिधि के रूप में चुनती रही है और प्रदेशवासियों का विश्वास ही उनका सबसे बड़ा प्रमाणपत्र है।
बिंदल ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज, नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार से कांग्रेस नेतृत्व हताश है और इसी वजह से तथ्यहीन बयानबाजी कर रहा है।


उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों में प्रदेश को आर्थिक संकट और अव्यवस्था की ओर धकेला है। चुनाव से पहले युवाओं को पांच लाख रोजगार और एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार इन वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। आज प्रदेश का युवा सरकार से जवाब मांग रहा है।


राम मंदिर मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए बिंदल ने कहा कि मंदिर निर्माण के लंबे संघर्ष के दौरान कांग्रेस ने प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से बाधाएं खड़ी कीं और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वही कांग्रेस आस्था के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता अच्छी तरह समझती है।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार को बयानबाजी छोड़कर रोजगार, विकास, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और चुनावी वादों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार को उसकी हर विफलता के लिए जवाबदेह बनाएगी।