अर्की में भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में बोले प्रदेश अध्यक्ष, जिला परिषद चुनाव परिणामों को कांग्रेस के खिलाफ जनमत बताया
अर्की (सोलन)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में रोजगार व्यवस्था को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन ढाई साल बाद भी कोई बड़ा वादा पूरा नहीं हुआ।
अर्की में शिमला और मंडी संसदीय क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण महाभियान को संबोधित करते हुए बिंदल ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के बजाय भाई-भतीजावाद और बैकडोर एंट्री का माध्यम बना दिया है। उनका आरोप था कि विभिन्न विभागों में भर्ती नियमों को दरकिनार कर मनमाने ढंग से नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री सार्वजनिक रूप से अपने क्षेत्र में 700 से अधिक लोगों को नौकरी दिलाने की बात स्वीकार कर चुके हैं, जबकि नियमित भर्ती का कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हजारों शिक्षित युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उनके अनुसार सरकार रोजगार सृजन के लिए कोई प्रभावी नीति लागू करने में विफल रही है।
डॉ. बिंदल ने हाल ही में हुए जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि नौ में से आठ जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत प्रदेश की जनता के बदलते जनमत का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और जनता आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण महाभियान के माध्यम से संगठन की विचारधारा को मजबूत करने और कांग्रेस सरकार की कथित वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील भी की।












