Advertisement

सिरमौर में कांग्रेस को झटका: प्रदेश अध्यक्ष के गृह क्षेत्र में भाजपा ने संगड़ाह पंचायत समिति पर जमाया कब्जा

Spread the love

अनिला बनीं अध्यक्ष, दिनेश चौहान उपाध्यक्ष; भाजपा ने बताया जनादेश की जीत



संगड़ाह। सिरमौर जिले के संगड़ाह से कांग्रेस के लिए राजनीतिक तौर पर बड़ा झटका सामने आया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं श्री रेणुकाजी से विधायक विनय कुमार के गृह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने पंचायत समिति संगड़ाह पर कब्जा जमाकर सियासी संदेश दे दिया है।


पंचायत समिति संगड़ाह के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर कांग्रेस की रणनीति को बड़ा झटका दिया। यह परिणाम इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह इलाका सीधे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के प्रभाव क्षेत्र में आता है।


अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित अनिला कुमारी ने 8 मत हासिल कर कांग्रेस समर्थित मंजू कुमारी को महज एक वोट से मात दी। वहीं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित दिनेश चौहान ने 9 मत लेकर कांग्रेस समर्थित राजेंद्र सिंह को 3 वोटों के अंतर से हराया।


चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला और इसे संगठन की जमीनी पकड़ का प्रमाण बताया गया।


चुनाव के बाद एसडीएम संगड़ाह सुनील कैयथ ने नव निर्वाचित अध्यक्ष अनिला कुमारी और उपाध्यक्ष ठाकुर दिनेश चौहान को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


गौरतलब है कि श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के तहत पंचायत समिति संगड़ाह और नवगठित पंचायत समिति ददाहू आती हैं। इससे पहले ददाहू पंचायत समिति में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था, लेकिन संगड़ाह में भाजपा की जीत ने सियासी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया है।


राजनीतिक जानकार इसे आगामी पंचायत और विधानसभा समीकरणों के लिहाज से भाजपा के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त और कांग्रेस के लिए चेतावनी के तौर पर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *