Advertisement

भाजपा का पलटवार: कांग्रेस पहले अपना संगठन संभाले, झूठे दावों से गुमराह करना बंद करे

Spread the love

 संदीपनी भारद्वाज बोले, 10 गारंटी पूरी नहीं कर पाई कांग्रेस, अब सदस्यता का झूठा प्रचार कर रही

शिमला: भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने कांग्रेस संगठन महासचिव विनोद जिंटा के 8 से 10 हजार भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के दावे को हताशा और राजनीतिक दिवास्वप्न बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपने बिखरे संगठन को संभाले, भाजपा कार्यकर्ताओं की चिंता छोड़ दे। 

संदीपनी ने कहा कि कांग्रेस के विधायक और नेता ही सरकार के खिलाफ असंतोष जता रहे हैं। गुटबाजी चरम पर है और सरकार-संगठन में तालमेल नहीं है। संगठन विस्तार से पहले कांग्रेस जनता से 10 गारंटियों का हिसाब दे। महिलाओं को 1500 रुपये, 5 लाख रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादे अधूरे हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा का संगठन है। यहां कार्यकर्ता राष्ट्रवाद और जनसेवा से जुड़ता है, पद के लिए नहीं। कांग्रेस के झूठे प्रचार से भाजपा पर असर नहीं पड़ेगा। राम मंदिर पर कांग्रेस को अपना इतिहास याद करना चाहिए। वर्षों विरोध के बाद अब ध्यान भटकाने के लिए आरोप लगा रही है। 

पेपर लीक पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि हिमाचल में कितने युवाओं को रोजगार दिया। यदि हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की सूची है तो कांग्रेस सार्वजनिक करे। केवल काल्पनिक आंकड़े देने से सच्चाई नहीं बदलती। 

संदीपनी ने दावा किया कि जनता कांग्रेस के कुशासन और वादाखिलाफी से ऊब चुकी है। 2027 में जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा को प्रचंड बहुमत देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *