बोले- धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति की आत्मा को करते हैं सशक्त, नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना समय की जरूरत
शिमला। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने रविवार को शिमला के श्रीराम मंदिर सत्संग हॉल में आयोजित भक्त मिलन समारोह में भाग लेकर पूज्य श्री श्री 1008 स्वामी हेमा नंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संत के आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी प्रवचनों का श्रवण किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्ण नंदा ने कहा कि संत-महात्माओं का सान्निध्य व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक दिशा देता है। उनके विचार समाज में सेवा, संस्कार, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों का महत्व पहले से अधिक बढ़ गया है, क्योंकि ये भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति “वसुधैव कुटुंबकम्” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” जैसे सार्वभौमिक आदर्शों पर आधारित है। संतों का मार्गदर्शन समाज में प्रेम, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को सुदृढ़ करता है तथा युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है।
कर्ण नंदा ने डेरा बाबा रुद्रानंद सेवक मंडल, शिमला के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सेवकों को भक्त मिलन समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि श्रद्धा, सेवा और समर्पण की भावना से आयोजित ऐसे कार्यक्रम सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कामना की कि पूज्य स्वामी हेमा नंद जी महाराज का आशीर्वाद सभी श्रद्धालुओं पर बना रहे और भविष्य में भी इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन निरंतर आयोजित होते रहें, ताकि समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।












