प्रभावितों के पुनर्वास के लिए सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज की मांग, राहत कार्यों में तेजी लाने का आग्रह
धर्मशाला। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की बोह घाटी में बादल फटने से प्रभावित परिवारों के बीच धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा गुरुवार को ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक बेघर परिवार को 25-25 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि जिन परिवारों ने जीवनभर की कमाई से अपना आशियाना बनाया था, वह प्राकृतिक आपदा में पलभर में उजड़ गया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि दी गई सहायता राशि भोजन, दवाइयों और अस्थायी आवास जैसी तत्काल जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी।
दौरे के दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार से बोह घाटी के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए विशेष आर्थिक पैकेज जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाते हुए बेघर परिवारों के लिए जल्द स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि दो दिन पहले बोह घाटी में बादल फटने से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और भारी मात्रा में मलबा आने से अनेक परिवार बेघर हो गए। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। स्थानीय लोगों ने आपदा के बाद विधायक के मौके पर पहुंचने और तत्काल राहत प्रदान करने के कदम की सराहना की।












