Advertisement

जम्मू फ्रंटियर ने लगातार दूसरी बार जीती बीएसएफ अंतर-फ्रंटियर हॉकी चैंपियनशिप

Spread the love
फाइनल में पंजाब फ्रंटियर को 5-0 से हराया, जालंधर के अश्विनी स्टेडियम में हुआ 49वीं चैंपियनशिप का समापन


जालंधर। बीएसएफ की 49वीं अंतर-फ्रंटियर हॉकी चैंपियनशिप-2026 का खिताब जम्मू फ्रंटियर ने अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को बीएसएफ परिसर जालंधर के अश्विनी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गत वर्ष की विजेता जम्मू फ्रंटियर ने पंजाब फ्रंटियर को 5-0 से शिकस्त देकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखा।


सीमा सुरक्षा बल के हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला जम्मू और पंजाब फ्रंटियर के बीच खेला गया। जम्मू फ्रंटियर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने पांच गोल दागे, जबकि पंजाब फ्रंटियर कोई गोल नहीं कर सका।
चैंपियनशिप के समापन समारोह में पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एमएफ फारूकी (आईपीएस) बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विजेता जम्मू फ्रंटियर को चैंपियनशिप ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। पंजाब फ्रंटियर को उपविजेता ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करती हैं। साथ ही बल के जवानों में शारीरिक दक्षता और मानसिक दृढ़ता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

समापन समारोह में बीएसएफ के जिम्नास्टिक दल ने आकर्षक प्रदर्शन किया। बीएसएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जालंधर के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलझेले (आईपीएस), वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।