दो सड़कों का लोकार्पण, 350 करोड़ के विकास कार्यों का किया जिक्र; अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
चौपाल। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने रविवार को चौपाल विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान ननहार में आयोजित विशु मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने हियून-नगाह तथा चाड़वाधार-गौनचा सड़क का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी।
उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें ताकि चौपाल विधानसभा क्षेत्र विकास कार्यों के मामले में प्रदेश का नंबर वन क्षेत्र बने। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चौपाल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था और वर्तमान सरकार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करीब 350 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि छैला-नेरी पुल-यशवंत नगर सड़क के लिए 250 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और केंद्र सरकार की स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं एचपी रेडी परियोजना के तहत 1,400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों में चौपाल की सड़कें भी शामिल की जाएंगी।
पीएमजीएसवाई के तहत बनेंगी 17 सड़कें
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए हिमाचल प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का पुरस्कार मिला है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई पैकेज-3 के तहत प्रदेश को 3,500 करोड़ रुपये मिले हैं, जिनके तहत चौपाल विधानसभा क्षेत्र में 17 सड़कें बनाई जाएंगी। इनकी कुल लंबाई 133 किलोमीटर होगी और इन पर लगभग 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने चरोग-अनुसूचित जाति बस्ती क्टोट सड़क और पटवार खाना झीणा सड़क को लोक निर्माण विभाग द्वारा टेकओवर करने, चंबी-दियुंदर मंदिर मार्ग तथा ननहार पंचायत के सामुदायिक भवन का निर्माण पूरा कराने और ननहार खेल मैदान के विस्तार सहित विभिन्न मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
नई ड्रेनेज नीति लागू
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान सड़कों को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए प्रदेश में नई ड्रेनेज नीति लागू की गई है। अब नई सड़क परियोजनाओं में बॉक्स कल्वर्ट को अनिवार्य बनाया जाएगा तथा ड्रेनेज संरचनाएं वैज्ञानिक हाइड्रोलॉजी आधारित डिजाइन के अनुसार तैयार होंगी। इसके लिए सड़क निर्माण में अलग से रोड ड्रेनेज मद बनाया जाएगा। मौजूदा सड़कों पर भी इस नीति को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
अधिकारियों को लगाई फटकार
दौरे के दौरान बलग क्षेत्र में लोगों ने सड़क संबंधी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, लेकिन मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद नहीं थे। इस पर विक्रमादित्य सिंह ने संबंधित अधीक्षण अभियंता से फोन पर जवाब तलब किया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता और अधिकारियों को फील्ड में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
विशु मेला समिति को 31 हजार रुपये
कार्यक्रम में स्थानीय नेता रजनीश किमटा ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। इस दौरान मंत्री ने विशु मेला समिति को 31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। दौरे के दौरान उन्होंने बलग, कुठार और मलकोट क्षेत्रों में भी लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।












