Advertisement

NEET पेपर लीक: छात्रों के समर्थन में आज शिमला में कैंडल मार्च, CM सुक्खू होंगे शामिल

Spread the love
इंदिरा गांधी खेल परिसर से रिज मैदान तक निकलेगा मार्च, पेपर लीक से जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि
जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में उठेगी आवाज


शिमला। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत विद्यार्थियों के समर्थन में शनिवार शाम राजधानी शिमला में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शाम 6 बजे इंदिरा गांधी खेल परिसर से शुरू होने वाले इस कैंडल मार्च में शामिल होंगे। मार्च स्कैंडल प्वाइंट से होते हुए ऐतिहासिक रिज मैदान पर संपन्न होगा।


कैंडल मार्च के दौरान पेपर लीक प्रकरण के बीच जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों के समर्थन में एकजुटता दिखाई जाएगी।


मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कैंडल मार्च की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिनभर अनेक परिवारों से उनकी मुलाकात हुई और विद्यार्थियों व अभिभावकों के भी फोन आए। सभी की भावना थी कि नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के कारण जान गंवाने वाले विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि दी जाए और नई दिल्ली में अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आवाज उठाई जाए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शाम 6 बजे इंदिरा गांधी खेल परिसर से रिज मैदान तक कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया गया है। यह मार्च दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिजनों के प्रति संवेदना और विद्यार्थियों के सम्मान व न्याय के समर्थन का शांतिपूर्ण संकल्प होगा।


सीएम सुक्खू ने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने का अधिकार है और उनकी चिंताओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष अपनी मांगें उठा रहे विद्यार्थियों पर कथित लाठीचार्ज को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।


मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं और आम लोगों से राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर कैंडल मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य और उनके न्याय से जुड़ा विषय पूरे समाज की चिंता है।


दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक प्रकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर विद्यार्थियों का आंदोलन जारी है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठा रहे हैं। शिमला में होने वाला कैंडल मार्च इसी छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन और एकजुटता व्यक्त करने के रूप में आयोजित किया जा रहा है।