CM सुक्खू बोले- गांवों को भी शहरों जैसी सुविधाएं देना सरकार का लक्ष्य, पंचायत को हर साल होंगे 14 लाख रुपये की आय
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम के जरिए जिला सोलन की ग्राम पंचायत ममलीग में ग्रीन पंचायत योजना के तहत स्थापित 500 किलोवाट क्षमता की ग्राउंड माउंटेड सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन किया। दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना को प्रदेश में ग्रामीण आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था और 24 फरवरी 2026 को इसे विद्युत ग्रिड से जोड़ दिया गया। वर्तमान में इससे प्रतिदिन करीब 3,000 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जबकि सालाना लगभग 8 लाख यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड इस बिजली को 3.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से खरीदेगा, जिससे प्रदेश को स्थायी राजस्व भी मिलेगा।
सुक्खू ने कहा कि इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका जनहित आधारित राजस्व मॉडल है। परियोजना से होने वाली आय का 25 प्रतिशत ग्राम पंचायत के विकास कार्यों, 25 प्रतिशत अनाथों और विधवाओं के कल्याण, 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार, 20 प्रतिशत हिमऊर्जा तथा 10 प्रतिशत संचालन एवं रखरखाव पर खर्च किया जाएगा। इससे ग्राम पंचायत को हर वर्ष लगभग 14 लाख रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 वर्ष की आयु वाली यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास और सामाजिक समृद्धि का उत्कृष्ट मॉडल बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकार पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए ऐसे प्रयास कर रही है, ताकि गांव भी शहरों की तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस हो सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है और दूध पर भी देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
ममलीग में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं।
उन्होंने दावा किया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के 80 प्रतिशत से अधिक पद भर दिए गए हैं तथा एमआरआई, थ्री टेस्ला और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
शांडिल ने प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का भी उल्लेख करते हुए सभी वर्गों से सहयोग की अपील की, ताकि हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाया जा सके।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी शिमला से वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहे।












