Advertisement

सीएम सुक्खू ने चमियाना अस्पताल का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर दिया जोर

Spread the love

विभिन्न विभागों का लिया जायजा, मरीजों से बातचीत कर जाना हाल; अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के दिए निर्देश


शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला के चमियाना स्थित अटल सुपर स्पेशलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान का दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संस्थान में विकास कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों से भी बातचीत की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह और संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. बृज शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।