Advertisement

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस का सख्त एक्शन प्लान, काम नहीं तो पद नहीं; हर तीन महीने होगी नेताओं की समीक्षा

Spread the love
रजनी पाटिल ने राजीव भवन में लॉन्च किया ‘कनेक्ट सेंटर’, मंत्रियों को जिलों की जिम्मेदारी; राम मंदिर दान और पेपर लीक को लेकर भी आंदोलन का ऐलान


शिमला। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने संगठन को धार देने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने साफ कर दिया है कि अब संगठन में केवल पद नहीं, बल्कि प्रदर्शन मायने रखेगा। जो पदाधिकारी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे, उन्हें पद से हटाया जाएगा और हर तीन महीने में जिला, ब्लॉक व अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा होगी।


राजीव भवन में रविवार को तीन दिवसीय प्रदेश कांग्रेस बैठकों के निष्कर्ष साझा करते हुए रजनी पाटिल ने बताया कि संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों तथा अग्रणी संगठनों के प्रदेश अध्यक्षों को जल्द कार्यकारिणी गठित कर उसे सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।


उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में ‘कनेक्ट सेंटर’ स्थापित किया गया है, जो जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की लगातार निगरानी करेगा। यह सेंटर सीधे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट भेजेगा।


रजनी पाटिल ने कहा कि जल्द धर्मशाला में राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक होगी, जिसमें संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल भी शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश सरकार के प्रत्येक मंत्री को एक-एक जिले का प्रभार देकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।


भाजपा पर दो मोर्चों से हमला


रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में कथित राम मंदिर दान घोटाले को जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े दोषियों पर कार्रवाई नहीं हो रही और केवल छोटे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।


साथ ही उन्होंने कहा कि नीट और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मामलों से युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ा है। कांग्रेस इसके खिलाफ भी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।


विनय कुमार बोले- चुनावी तैयारी शुरू


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नया कनेक्ट सेंटर सभी पदाधिकारियों के कामकाज की निगरानी करेगा तथा अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं और भाजपा के खिलाफ जनता के बीच कई बड़े मुद्दों को लेकर जाएगी।


छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग


प्रेस वार्ता में छतर सिंह और अभिनंदन ठाकुर ने भी छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि छात्र राजनीति ही युवाओं के राजनीतिक जीवन की पहली पाठशाला होती है।